एटा। थाना नयागांव क्षेत्र के कस्बा सराय अगहत में मकान के छज्जे में लगी लोहे की सरिया में उतरे हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में एक युवक आ गया। परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज लाए। वहां से मेडिकल कॉलेज भेजा गया। यहां चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया।
थाना नयागांव के नगला बरी निवासी वीरपाल सिंह ने बताया कि वह कस्बा सराय अगहत में रहते हैं। मुख्य मार्ग पर अलीगंज बस स्टैंड के सामने ही मकान है। बुधवार सुबह बेटा सुधांशु (17) घर में कमरे की खिड़की के पास खड़ा था। उसी समय छज्जे के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का करंट लोहे की सरिया के माध्यम से घर में उतर गया। जैसे ही बेटे ने खिड़की पकड़ी वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हम लोग उसको लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज आए। यहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां पहुंचे तो चिकित्सक ने सुधांशु को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है।