एटा। विवाहिता के मायके वाले जब अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं कर पाए तो पति ने पत्नी को तीन तलाक दे दिया। विवाहिता के पिता की ओर से दामाद सहित सात ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना नयागांव क्षेत्र के गांव सराय अगहत निवासी साबिर हुसैन पुत्र मुंशी खां ने बताया कि पुत्री उज्जा की शादी लगभग दो वर्ष पूर्व उवैद अली उर्फ अंशु पुत्र असगर अली निवासी मोहल्ला चूड़ी वाली गली कस्बा व थाना फतेहगढ़ जिला फर्रुखाबाद के साथ की थी। आरोप है शादी के बाद से ही पति व अन्य ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज मांगने लगे थे। उज्जा ने मायके आने पर बताया तो बिचौलिया को लेकर फतेहगढ़ गए। कई बार समझाने का प्रयास किया तो बेटी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि दामाद उवैद अली ने बेटी से कोरे कागज पर हस्ताक्षर करा लिए और तीन तलाक बोल दिया। कोरे कागज पर बेटी के हस्ताक्षर से फर्जी तलाकनामा भी बनवा लिया। पीड़िता के पिता साबिर हुसैन ने दामाद उवैद अली उर्फ अंशु, ससुर असगर अली, सास अलीशा बेगम, ननद खुशबू, देवर शिवा उर्फ डेजी, ताहिर और सहीसुद्दीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।