पेट्रोल पंपों पर घटतौली और मिलावटखोरी के खिलाफ सरकारी अभियान गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। जांच के दौरान कासगंज रोड स्थित ईएसआर, कपूर पेट्रोल पंप, अग्रवाल पेट्रोल पंप पर घटतौली मिली। लिमिट से अधिक घटतौली मिलने पर जांच टीम ने ईएसआर पेट्रोल पंप की दो मशीनें सील कर दीं। टीम ने चार पंपों पर चेकिंग अभियान चलाया। जबकि खेमका और फौजी पेट्रोल पंप पर सबकुछ ओके मिला।
जिला पूर्ति अधिकारी गुलाब चंद यादव ने बताया कि आगरा रोड स्थित एटा इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर गुरुवार दोपहर एसडीएम एनपी पांडेय, बाट माप निरीक्षक अखंड प्रताप सिंह और अतुल कुमार, ओरिजनल इक्युपमेंट मेन्यूफैक्चर के सदस्य वीरेंद्र सिंह, एचपीसीएल के क्षेत्रीय विक्रय अधिकारी सबसे पहले कासगंज रोड स्थित ईएसआर पेट्रोल पंप की जांच की। दो मशीनों पर 30 से 40 एमएल प्रति पांच लीटर घटतौली मिलने पर दोनों को सील कर दिया। टीम ने ठंडी सड़क स्थित फौजी फिलिंग स्टेशन, जीटी रोड स्थित खेमका और अग्रवाल पेट्रोल पंप पर चेकिंग की। खेमका पेट्रोल पंप पर जांच टीम को सबकुछ ओके मिला। जबकि अग्रवाल पंप पर बीस एमएल प्रति पांच लीटर की घटतौली मिलने पर टीम ने मशीन ठीक कराने के बाद कोई कार्रवाई नहीं की। बुधवार को टीम ने कपूर पेट्रोल पंप पर जांच की थी, जहां 10 से 20 एमएल प्रति पांच लीटर की घटतौली मिली थी, लेकिन वहां कोई कार्रवाई नहीं हुई। डीएसओ गुलाब सिंह यादव का कहना है कि वेरिएशन 25 एमएल तक मिलने पर मशीनें सील नहीं होंगी। जांच टीम 96 पेट्रोल पंपों में से अब तक छह की जांच पूरी कर चुकी है।