धनसिंहपुर गांव में मंगलवार रात एक मकान पर आधा दर्जन बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने घर में जमकर लूटपाट की। गृहस्वामी के पुत्र के जागने पर बदमाशों ने उसके गले पर तमंचा लगाकर गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। बदमाशों की फायरिंग में एक अन्य युवक व एक बकरी भी छर्रा लगने से घायल हो गई।
धनसिंहपुर गांव निवासी चरनसिंह का परिवार मंगलवार रात अपने घर में सो रहा था। तभी आधा दर्जन बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने मकान के कमरों में रखी अलमारी, बक्से एवं बेड में रखे कीमती सामान को लूट लिया। बदमाशों ने सबसे पहले 50 हजार की नकदी व जेवर हार, अंगूठी, पाजेब व अन्य कीमती सामान कब्जे में ले लिया। इसी बीच गृहस्वामी का पुत्र नारायन उर्फ गोलू(16) जो घर के बरामदे में चारपाई सो रहा था, आहट सुनकर आवाज दी। तभी पास खड़े बदमाश ने उसके गले के समीप तमंचा रखकर गोली चला दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर घर में सो रही मां शकुंतला, भाभी निशा सहित अन्य लोग जाग गए। बहन लक्ष्मी पड़ोस के घर में सो रही थी। फायर की आवाज सुनकर धनसिंहपुर में वारदात वाले आस-पास के घर में जगार हो गई। चीख पुकार के बीच बदमाश फायर करते हुए भाग गए। बदमाशों की फायरिंग में गोली पड़ोसी विजय पाल पैर में छर्रे लगने से घायल हो गया। जबकि घर में बंधी बकरी भी छर्रें लगने से घायल हो गई। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। मामले की जानकारी पर सिढ़पुरा पुलिस भी मौके पर आ गईं। मामले की तहरीर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ दी गई। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अपर पुलिस अधीक्षक राधे मोहन भारद्वाज ने घटना स्थल का दौरान किया और थाना पुलिस को घटना की जांच और बदमाशों की गिरफ्तारी के आदेश दिए।
शीघ्र होगा मामले का खुलासा: एसपी
एसपी सुनील कुमार सिंह ने कहा है कि धनसिंहपुर की वारदात को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। इसका शीघ्र ही खुलासा किया जाएगा। वादी की तहरीर के आधार पर मुकद्दमा दर्ज करने की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। मृतक का शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है।
छत पर भी मोर्चा संभाले थे बदमाश
धनसींगपुर की वारदात के दौरान कुछ बदमाश घर की छत भी मोर्चा संभाले हुए थे। बदमाशों को अंदेशा था कि यदि गांव में वारदात की भनक लगी तो ग्रामीण एकत्रित होकर उनकी घेराबंदी करेंगे तो वह छत के ऊपरी मोर्चे से ग्रामीणों पर आसानी से नियंत्रण पाकर फायर करते हुए फरार हो सकते हैं। बदमाशों ने इसी रणनीति पर काम किया। शोर शराबा होने पर वह फायरिंग करते हुए वहां से भाग निकले।