एटा। थाना मिरहची क्षेत्र के एक गांव में एक युवक ने घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ की। जब उसने विरोध किया तो उसने महिला की पिटाई कर दी। शोर मचाने पर मौके पर दोनों के परिवार वाले वहां आ गए। आरोप है कि युवक ने अपने परिजनों के साथ मिलकर महिला के पति को पीटा और हत्या करने के इरादे से फायर भी झोंक दिया। मामले में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
महिला के पति का आरोप है कि दो जुलाई की दोपहर घर पर पत्नी अकेली थी। इसी बीच पुष्पेंद्र पुत्र यादराम निवासी धिरामई घर में घुस आया और पत्नी से छेड़छाड़ करने लगा। आरोप है कि विरोध पर पत्नी को पीटकर घायल कर दिया। शोर सुनकर जब पति पहुंचा तो आरोपी धमकी भाग गया। इसके कुछ ही देर बाद पुष्पेंद्र अपने भाई राजा सहित पांच लोगों को लेकर आया और लाठी-डंडों से पति की पिटाई की।
आरोप है कि पुष्पेंद्र ने लाइसेंसी बंदूक से हत्या करने के इरादे से फायर कर दिया। गोली लगने से बाल-बाल बच गया। प्रभारी निरीक्षक सीतराम सरोज ने बताया है कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई है। संवाद