शिक्षक के साथ हुई मारपीट प्रकरण तूल पकड़ता जा रहा है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक में घटना की निंदा करते हुए जिला प्रशासन से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
जिलाध्यक्ष राजेंद्र उपाध्याय ने कहा कि घटना की जानकारी के बाद अवागढ़ थाना पुलिस एवं एसएसपी से वार्ता कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी। आश्वासन भी मिला, लेकिन अभी तक आरोपी गिरफ्त में नहीं हैं। जिलामंत्री नेम सिंह वर्मा ने कहा कि सरकारी एंबुलेंस में अराजक तत्वों का होना गंभीर मामला है। इसकी जांच होनी चाहिए। जिला उपाध्यक्ष राकेश चौहान, ऋषि चौहान आदि ने कहा कि शिक्षक नेता के साथ हुई घटना से शिक्षकों में आक्रोश है। यदि शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो संगठन आंदोलन को बाध्य होगा। उपस्थित शिक्षकों में लोकपाल सिंह यादव, ओमेंद्र सिंह चौहान, सुशील कुमार, प्रवीन कुमार, शैलेंद्र कुमार, राजेश जादौंन आदि थे।