एटा। जिला पंचायती राज विभाग द्वारा काटे गए टीडीएस में गड़बड़ी मिलने पर आयकर विभाग द्वारा 60 करोड़ का नोटिस मिलने के बाद जिला पंचायत राज विभाग सतर्क हो गया है। अब डीपीआरओ ने सभी ग्राम पंचायतों को प्रत्येक भुगतान पर टीडीएस काटकर उसका आयकर विभाग को भुगतान करने का निर्देश दिया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक कुमार प्रियदर्शी ने बताया कि टीडीएस में गड़बड़ी के कारण विभाग को आयकर विभाग से 60 करोड़ का नोटिस मिल चुका है। ऐसे में सभी ग्राम पंचायतों को बता दिया गया है कि प्रत्येक भुगतान पर टीडीएस काटकर उसका आयकर को भुगतान किया जाए। डीपीआरओ ने बताया कि विभाग का पहले से टिन नंबर है, लेकिन ग्राम पंचायतों का टिन नबंर नहीं था। इस कारण टीडीएस नहीं भरा जा सका है। अब सभी ग्राम पंचायत अपना टिन नंबर बनवाकर टीडीएस का भुगतान करेंगी।