खानकाह-ए-बरकातिया में रविवार को तीन दिवसीय उर्स-ए-कासमी कुल शरीफ फातिहा के साथ पूरा हो गया। दरगाह शरीफ के सज्जादानशीं सैयद अमीन मियां कादरी ने कुल शरीफ की रस्म में दुनिया में अमन चैन के लिए दुआ की।
नातख्वाह इकराम ने तकरीर और नात में सुन्नत बल जमात को मजबूत करने का पैगाम दिया। दरगाह शरीफ के सज्जादानशीं सैयद नजीब हैदर नूरी ने मुल्क के हालात पर चर्चा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार को मुस्लिमों के विकास के लिए उनके इलाकों में कालेज, अस्पताल और रोजगार के साधन मुहैया कराने चाहिए।
मुल्क की हिफाजत के लिए भी केंद्र सरकार से सख्त कदम उठाने की अपील की। सरहद पर शहीदों की शहादत पर चिंता जाहिर की गई। इससे पूर्व शनिवार की देर रात गुलशन ए बरकात पार्क में खरकापोशी की रस्म अदा हुई। गद्दीनशीं सैयद अमीन मियां कादरी बुजुर्गों के लिबास पहनकर जायरीन के बीच पहुंचे। महफिल में बरेली शरीफ से आए मौलाना हनीफ बरकाती को खिलाफत से नवाजा गया। कुल शरीफ की फातिहा के बाद जायरीन को तबर्रुकात की जियारत कराई गई।
-------------------------
पवित्र तबर्रुकात की हुई जियारत
मारहरा। उर्स के अंतिम दिन गुलशने बरकात पार्क में मौजूद हजारों जायरीन को पाक तबर्रुकात की जियारत कराई गई। जायरीनों ने पैगंबर इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के दाढ़ी मुबारक के बाल, उनके कदम के निशान, मौला अली के दाढ़ी मुबारक के बाल उनका कुर्ता, हजरत इमाम हुसैन के दाढ़ी मुबारक के बाल, सरकार गौसे आजम की तस्बीह के दाने समेत शाह बरकतुल्लुाह की टोपी की जियारत कराई।
उर्स में सहयोग के लिए सभी का शुक्रिया
मारहरा। उर्स महफिल में सज्जादानशीन प्रो. सैयद अमीन मियां कादरी ने उर्स में सहयोग करने के लिए कस्बे के हिंदू और मुस्लिम समाज के लोगों के साथ एटा और कासगंज जिलाधिकारी, एसएसपी, कस्बा की नगर पालिकाध्यक्ष, रेलवे स्टेशन मास्टर, कोतवाल मारहरा व मीडिया कर्मियों का शुक्त्रिस्या अदा किया।