एटा। जिले के 15 पीएमश्री परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को सफाई का पाठ पढ़ाया जाएगा। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों को सफाई और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
बेसिक शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि जिले में 1691 परिषदीय और कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। शीतकालीन अवकाश 14 जनवरी को समाप्त हो जाएंगे। पीएमश्री योजना में शामिल जिले के 15 विद्यालयों में स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इसमें स्वच्छता शपथ, स्वच्छता जागरुकता, ग्रीन स्कूल मुहिम, सामुदायिक सहभागिता, हाथ धुलाई, स्वच्छता प्रतिभागिता, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ विद्यालय प्रदर्शनी, स्वच्छता कार्यकलाप दिवस मनाए जाएंगे।
विद्यालयों में साफ-सुथरे परिसर व स्वच्छ शौचालय विषय पर प्रतियोगिताएं होंगी। सफाई और स्वच्छता की आदतों पर निबंध, स्लोगन, कविता लेखन, पेंटिंग, भाषण, प्रश्नोत्तरी और मॉडल बनाने की प्रतियोगिता भी होगी। इसके बाद पुरस्कार वितरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए सभी स्कूलों के लिए बजट भी आ चुका है।