महंगाई की मार से पहले ही लोग परेशान थे। अब सुबह का नाश्ता भी सस्ता नहीं रहा। चाय, ब्रेड से लेकर कचौड़ी, पकौड़ी आदि के दामों में भी बढ़ोतरी हो गई है। इससे अब आमजन के लिए सुबह का नाश्ता भी करना मंहगा होगा।
देखें तो ब्रेड कंपनियों ने दामों में दो से लेकर पांच रुपये तक का इजाफा कर दिया है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ब्रेड कंपनियों द्वारा बढ़ाए गए दामों के बाद 500 ग्राम ब्रेड का पैकेट अब 20 रुपये से बढ़ कर 25 हो गया है। वहीं 225 ग्राम वाला 10 रुपये में मिलने वाला ब्रेड का पैकेट अब 12 रुपये का है। ब्राउन ब्रेड के दाम तो 14 रुपये से बढ़कर सीधे 20 रुपये हो गए हैं। ब्रेड के रेट बढ़ने से रेस्टोरेंट, ठेलों पर बिकने वाला ब्रेड पकौड़ा भी मंहगा हो गया है। पांच रुपये वाला पकौड़ा अब सात से आठ रुपये और 10 रुपये वाला 12 रुपये में बिक रहा है। इसी तरह से अब कचौड़ी 4 रुपये की जगह 6 रुपये की मिल रही है। पहले जहां 10 रुपये में चार पूड़ियां मिलती थीं, इसकी कीमत भी अब 15 रुपये हो गई है। वैसे शहर मेें क्वालिटी के हिसाब से नाश्ता विक्रेताओं ने रेट तय किए हैं, लेकिन लागत में इजाफा होने से दामों मेें वृद्धि हुई है। इसके साथ ही चीनी के खुदरा दामों में भी उछाल आ गया है। जो चीनी थोक मंडी में 3700-3800 रुपये प्रति क्विंटल है, वो रिटेल बाजार में 40 से 42 रुपये प्रति किग्रा बिक रही है। त्योहारी सीजन में इसके रेट और बढ़ने की संभावना है। ब्रेड विक्रेता विनीत वार्ष्णेय बताते हैं कि ब्रेड तैयार करने में कंपनी को ज्यादा लागत लगानी पड़ रही है। मैदा, चीनी, मजदूरी के साथ बिजली की कीमत बढ़ गई है। इसी मजबूरी में दाम बढ़ाने पड़े हैं।