एटा/जलेसर। संभल बवाल के बाद जुमे की नमाज पर जिले भर में कड़ी निगरानी रखी गई। पुलिस ने लगातार गश्त किया और मस्जिदों-ईदगाहों पर नजर रखी। खासतौर से जलेसर में पिछले दिनों हुई पथराव की घटना के बाद अधिक सक्रियता बरती गई।
जलेसर में सीओ नीतीश गर्ग और कोतवाली प्रभारी सुधीर कुमार राघव के नेतृत्व में आगरा चौराहा से लेकर निधौली चौराहा तक मिश्रित आबादी वाले इलाके में करीब 7 किमी का फ्लैग मार्च किया गया। मार्च में पुलिस के अलावा पीएसी के जवान भी शामिल थे। इसके अलावा चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण भी अधिकारियों ने किया।
अलीगंज में सीओ सुधांशु शेखर के नेतृत्व में कोतवाली प्रभारी अलीगंज निर्दोष सिंह सेंगर ने पुलिस बल के साथ गश्त किया। नमाज के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति से बचने के लिए पुलिस ने पहले से ही धार्मिक गुरुओं के साथ बैठक कर ली थी। हर मस्जिद के बाहर पुलिस फोर्स की तैनाती की गई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे से भी नजर रखी गई। मस्जिदों के पास से गुजरने वाले संदिग्ध व्यक्तियों को रोक कर पूछताछ की गई।