एटा। पूरे जिले में विकास की जिम्मेदारी संभालने वाला विकास भवन खुद ही बीमार नजर आ रहा है। एक ओर जहां इस भवन से ही पूरे जिले में विभिन्न विकास परियोजना चलाई जाती हैं और लोगों को इनका लाभ दिया जाता है। वहीं दूसरी ओर इस भवन में स्थित कार्यालयों में अव्यवस्थाओं का अंबार लगा हुआ है। पानी के लिए रखा गया टैंक टूटा है और उनमें गंदा पानी भरा रहता है।अलीगंज रोड पर स्थित विकास भवन में अव्यवस्थाएं की अव्यवस्थाएं हैं। एक ओर जहां गंदगी का ढेर लगा रहता है। तो वहीं दूसरी ओर पानी के लिए छत के ऊपर लगाया गया टैंक टूट चुका है। टूटे हुए टैंकों में ही पानी भरा हुआ है जो प्रयोग किया जा रहा है। यह पानी गंदा भी है क्योंकि टैंकों का ढक्कन ही नहीं है। इसलिए उनमें धूल व अन्य गंदगी गिरती रहती है।
यही पानी नीचे विकास भवन में कर्मचारियों द्वारा प्रयोग में लाया जा रहा है। जब इस तरह का पानी प्रयोग किया जाएगा तो संक्रामक बीमारियां बढ़ेंगी। लोगों का कहना है कि अधिकारियों को इस ओर ध्यान देना चाहिए और टूटे हुए टंकी के टैंकों को बदलना चाहिए। ताकि पानी स्वच्छ रहे।
हालांकि इसमें विकास भवन के कर्मचारी भी इस ओर बिल्कुल ध्यान नहीं देते हैं। जिसके चलते ऐसी लापरवाही आएदिन देखने को मिलती रहती हैं। कहीं गंदगी का ढेर तो कहीं पानी के टैंकों में गंदगी विकास भवन में आम बात है।