जैथरा। कस्बे में आबादी क्षेत्र के बीच एक गोदाम में बिना वैध लाइसेंस पटाखों का भंडारण किए जाने का मामला सामने आया है। जैथरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गोदाम से 11 कार्टून पटाखे बरामद किए हैं। बरामद पटाखों का वजन करीब 50 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पटाखा बनाने वाली फैक्ट्रियों और भंडारण गोदामों में होने वाली विस्फोट की घटनाओं की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा । बृहस्पतिवार को पुलिस को कस्बे के पालीवाल मार्केट के पास आबादी क्षेत्र स्थित एक गोदाम में बिना लाइसेंस पटाखे रखे होने की जानकारी मिली। सूचना पर पुलिस टीम ने गोदाम में पहुंचकर जांच की तो वहां 11 कार्टून पटाखे रखे मिले।
पुलिस ने पटाखों को कब्जे में लेते हुए मौके से समीम सिद्दीकी निवासी मोहल्ला बढ़ैयान कस्बा व थाना जैथरा को गिरफ्तार कर लिया। सीओ अलीगंज राजेश सिंह ने बताया कि आबादी क्षेत्र में बिना वैध लाइसेंस पटाखों का भंडारण किए जाने की सूचना पर कार्रवाई की गई है। ऐसे स्थानों को चिह्नित कर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।