एटा। ग्राम पंचायतों का नया कार्यकाल शुरू हो गया है। पंचायती राज महकमा पुराने कार्यकाल का रिकॉर्ड दुरुस्त कर बंद करने में जुटा है, लेकिन ग्राम पंचायत सचिव वार्षिक पुस्तिका ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर बंद करने में लापरवाही बरत रहे हैं। इसे लेकर 18 ग्राम विकास अधिकारियों की वेतन वृद्धि रोकी गई है।
जिला पंचायती राज अधिकारी आलोक कुमार प्रियदर्शी ने बुधवार को बताया कि ग्राम पंचायतों में कई बार ग्राम पंचायत सचिवों और ग्राम विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया था कि वित्तीय वर्ष 2020-21 की वार्षिक पुस्तिका को ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर बंद कर दिया जाए। उसके बाद भी इसको बंद नहीं किया। इस संबंध में उनसे स्पष्टीकरण भी मांगा, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
इस पर जिला विकास अधिकारी एसएन कुशवाहा ने इस तरह के सभी 18 ग्राम विकास अधिकारियों को तत्काल वार्षिक पुस्तिका बंद करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अग्रिम आदेश तक इनकी वेतन वृद्धि को रोक दिया है। उन्होंने बताया कि विकास खंड अलीगंज में सात, जैथरा और अवागढ़ में दो-दो, निधौली कलां में छह और शीतलपुर में एक ग्राम विकास अधिकारी की वेतन वृद्धि रोकी गई है।