एटा। स्व. बृजपाल सिंह की स्मृति में साईं विद्यापीठ कप फुटबॉल टूर्नामेंट में फाइनल मैच जीआईसी क्लब व अलीगढ़ एकादश के बीच रविवार को खेला गया। इसमें पेनाल्टी शूटआउट में जीआईसी क्लब ने अलीगढ़ एकादश को 4-1 से हरा दिया।
राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मैच के पहले हाफ व दूसरे हाफ का मैच बहुत ही संघर्षपूर्ण रहा। दोनों टीमों की तरफ से कोई टीम गोल नहीं कर सकी। उसके बाद शूटआउट के द्वारा निर्णय किया गया।
दोनों टीमों के पांच-पांच खिलाड़ियों को शूटआउट का मौका दिया गया, जिसमें जीआईसी क्लब की तरफ से अर्जुन, ईशू, राजा और उदित ने पेनाल्टी शूटआउट में चार गोल किए। वहीं अलीगढ़ एकादश की तरफ से पेनाल्टी शूट आउट में एक गोल ही किया जा सका। जीआईसी क्लब ने अलीगढ़ एकादश पर 4-1 से पेनाल्टी शूटआउट में जीत हासिल की। निर्णायक की भूमिका चंद्रकुमार यादव, अविनाशी शर्मा, मनोज ने कोच और स्कोरिंग की भूमिका राजीव वर्मा ने निभाई। इस दौरान साईं विद्या पीठ के संस्थापक रेवती रमण, नवजोत सिंह सिद्धार्थ, मंजोत सिंह, भोला कश्यप, विकास यादव, मनोज यादव, राजीव यादव, एआरएम संजीव यादव, सुशील यादव, अनूप दुबे, अनिल शर्मा टिल्लू आदि मौजूद रहे।