एटा। शहर के निधौली रोड पर बुधवार शाम करीब सात बजे एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बोर्ड से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने कार की ड्राइविंग सीट देखी तो चालक मृत अवस्था में पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर शव बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
आसपास के लोगों ने बताया कि कार सड़क पर दौड़ रही थी तभी अचानक अनियंत्रित होकर किनारे लगे बोर्ड से टकरा गई। टक्कर के बाद राहगीर व अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो चालक सीट पर अचेत पड़ा था। जांच के दौरान उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ सिटी कीर्तिका सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक की तबीयत अचानक बिगड़ने और हार्ट अटैक आने की आशंका जताई जा रही है।
यह भी अंदेशा है कि चालक को अचानक दिल का दौरा पड़ा हो, जिससे कार बेकाबू होकर बोर्ड से टकरा गई। हालांकि मौत हादसे से पहले हुई या टक्कर के बाद, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।