एटा। ग्रीन एक्सप्रेसवे से जिले के विकास को पंख लग जाएंगे। जिले से होकर गुजरने वाले लगभग 380 किमी लंबे इस ग्रीन एक्सप्रेसवे की डीपीआर शासन को भेज दी गई है। इसको लेकर जिले के लोगों को काफी उम्मीदें हैं।
केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा नोएडा से लेकर कन्नौज के मध्य लगभग 380 किमी लंबा ग्रीन एक्सप्रेसवे बनाने का प्रस्ताव है। जिसके आगे एनएच-34 के माध्यम से कानपुर तक जोड़ा जाएगा। जिससे कम समय में जेवर एयरपोर्ट से कानपुर तक पहुंचा जा सकेगा। इन दोनों औद्योगिक शहरों को जोड़ने के लिए यह एक्सप्रेसवे नोएडा से बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, एटा तथा मैनपुरी होते हुए कन्नौज में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 34 से जुड़ेगा। इस एक्सप्रेसवे के बनने से जहां इन जिलों के लोगों को आवागमन में आसानी होगी, वहीं दूसरी ओर विकास के रास्ते भी खुलेंगे। इसको लेकर के जिले को लोगों में उत्सुकता का माहौल है। लोग जानना चाह रहे हैं कि आखिरकार यह एक्सप्रेसवे एटा जनपद में कहां से गुजरेगा।
इस मामले में राष्ट्रीय राजमार्ग के अलीगढ़ परिक्षेत्र परियोजना निदेशक पीके कौशिक ने बताया कि फिलहाल डीपीआर तैयार करके सड़क परिवहन तथा राजमार्ग मंत्रालय को भेजा गया है। लेकिन अभी यह तय नहीं हुआ है कि जिले में कहां से होकर यह एक्सप्रेसवे गुजरेगा। आगामी चरण में प्रस्ताव पास होने के बाद पता चलेगा कि है एटा जिले के किस क्षेत्र से होकर यह मैनपुरी को जाएगा।
-
लोगों को मिलेगा रोजगार
जिले के लोगों का कहना है कि जिस प्रकार से यमुना एक्सप्रेसवे, आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक क्षेत्र को विकसित किया जा रहा है। उसी प्रकार से जब एटा से ये एक्सप्रेसवे गुजरेगा तो यहां भी औद्योगिक गलियारा विकसित किया जाएगा। जिससे यहां के लोगों को रोजगार मिलेगा और जिले का विकास होगा।