एटा। जिले में पेट्रोल पंपों पर ईंधन की गुणवत्ता, सही माप और स्टॉक की पारदर्शिता के लिए प्रशासन ने विशेष जांच अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को जिलापूर्ति अधिकारी के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने कासगंज रोड और जीटी रोड (मानपुर) स्थित नायरा एनर्जी के दो पेट्रोल पंपों का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ बांट माप निरीक्षक ललित कुमार त्रिपाठी, नायरा एनर्जी के सेल्स ऑफिसर शिवम आनंद व पूर्ति निरीक्षक अभिव्यक्त कुमार राणा और कृष्णकांत शर्मा ने पेट्रोल व डीजल के स्टॉक, डेंसिटी और माप की बारीकी से जांच की। जांच में दोनों पेट्रोल पंपों पर सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप मिलीं और किसी प्रकार की अनियमितता सामने नहीं आई। डीएम ने बताया कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा के लिए जिले की सभी तहसीलों में संयुक्त निरीक्षण दल गठित किए गए हैं। इनमें एसडीएम, तहसीलदार, पुलिस अधिकारी, संबंधित ऑयल कंपनी के सेल्स ऑफिसर, बांट माप निरीक्षक और पूर्ति विभाग के अधिकारी शामिल हैं। ये टीमें समय-समय पर औचक निरीक्षण कर ईंधन की गुणवत्ता, माप और स्टॉक की जांच करेंगी। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने परवो संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।