अमांपुर विधानसभा में विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के बागी हुए नेता राहुल पांडे ने पार्टी से बगावत का एलान कर दिया है। राहुल ने महानदल प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन सोमवार को दाखिल कर दिया। पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने कहा कि चाचा भतीजे की लड़ाई में समाजवादी पार्टी बर्बाद हो गई है।
गौरतलब है कि राहुल पांडे की मां अशोक पांडे काफी समय से समाजवादी पार्टी की राजनीति में सक्रिय हैं वह महिला आयोग की सदस्य भी हैं। समाजवादी पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह की संस्तुति पर राहुल पांडे को दो बार अमांपुर से प्रत्याशी घोषित किया गया था, लेकिन समाजवादी पार्टी के घटनाक्रम के बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राहुल का टिकट काटकर पूर्व विधायक वीरेंद्र सिंह का एलान कर दिया।
राहुल ने लखनऊ में डेरा जमाकर समाजवादी पार्टी का टिकट पाने के लिए काफी जोर आजमाइश की, लेकिन नतीजा सिफर रहा। टिकट कटने से आहत राहुल ने चुनाव लडने का मन मना लिया, पार्टी से बगावत कर राहुल ने महानदल का दामन थाम लिया। महानदल की ओर से उन्होंने अपना नामांकन दाखिल कर दिया। समाजवादी पार्टी की रार पर उन्होंने साफ कहा कि पार्टी बर्बाद हो चुकी है। जो वर्षों से पार्टी की मजबूती के लिए काम कर रहे थे उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया।