एटा। सोशल ऑडिट कोआर्डिनेटर को हटा दिया गया है। ग्राम पंचायतों के सोशल ऑडिट के दौरान रिश्वत लेने का इसका एक वीडियो वायरल हुआ था। उसको जिला मुख्यालय पर संबद्ध किया गया है।
ब्लॉक अलीगंज और जैथरा की ग्राम पंचायतों में कराए गए विकास कार्याें का सोशल ऑडिट कोआर्डिनेटर नीतू सिंह की ओर से किया जा रहा है। यह ब्लॉक निधौली कलां पर तैनात हैं। इन्होंने ग्राम पंचायत सिकंदरपुर सालवाहन में 3 जुलाई, उभई असदनगर में 7 जुलाई, अलीगंज देहात में 13 जुलाई और ढटिंगरा में 14 जुलाई को ऑडिट किया था। इसके साथ ही 25 जुलाई को ग्राम पंचायत मितौलिया में ऑडिट किया।
यहां पर प्रधान के भाई से 20 हजार रुपये लेने का ऑडियो और वीडियो वायरल हुआ था। साथ ही क्षेत्रीय विधायक ने सीडीओ से महिला कोआर्डिनेटर की शिकायत भी की थी। तब सीडीओ ने जिला विकास अधिकारी को ऑडियो व वीडियो की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। डीडीओ ने शनिवार को मामला प्रथम दृष्ट्या सही पाए जाने पर कोआर्डिनेटर को हटाकर जिला मुख्यालय पर संबद्ध कर दिया है। सीडीओ डॉ. अवधेश कुमार बाजपेयी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कराकर सेवा समाप्ति की कार्रवाई भी की जाएगी।