अवागढ़ में सोमवार को दिनदहाड़े गांव से सरसों की तूरी का भुगतान करने जा रहे भट्ठा मालिक टीकम सिंह को फरिहा मोड़ पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मार दी। बदमाश जेब में रखे 60 हजार रुपये लूटकर भाग गए। पुलिस ने घायल भट्ठा मालिक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया, जहां से आगरा रेफर कर दिया गया है। इस मामले में अभी तक कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है। पुलिस इस घटना को संदिग्ध मान रही है।
थाना अवागढ़ गांव जिनावली निवासी टीकम सिंह (42) सोमवार की दोपहर लगभग डेढ़ बजे गांव खुशरई स्थित अपने ईंट भट्ठा पर सरसाें की तूरी की गाड़ी का भुगतान करने बाइक से जा रहे थे। फरिहा मोड़ स्थित डिग्री कालेज के सामने घात लगाए बैठे बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनकी बाइक को रुकवा लिया।
विरोध करने पर टीकम सिंह को पीटा और गोली मार दी। गोली उनके बाएं हाथ में लगकर पार हो गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बदमाश जेब में रखे 60 हजार रुपये लूटकर ले गए। घटना की जानकारी जैसे ही लगी तभी लोगों की भीड़ मौके पर लग गई और थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अवागढ़ पर भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने आगरा रेफर कर दिया।
थाना कोतवाली प्रभारी का कहना है कि घटना संदिग्ध लग रही है, क्योंकि घायल ने दो आरोपियों को पहचान कर उनके नाम भी बताए हैं, जबकि एक अज्ञात बताया है। पुलिस टीम जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश कर रही है।