एटा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को अलीगंज क्षेत्र में झोलाछाप क्लीनिक संचालकों पर कार्रवाई की। इस दौरान छह क्लीनिकों को सीज कर दिया गया जबकि दो के बाहर नोटिस लगाए गए।
अलीगंज क्षेत्र में बुधवार को जयप्रकाश क्लीनिक पर एक बच्चे की मौत होने का मामला सामने आया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम कार्रवाई करते हुए क्लीनिक पर कार्रवाई की। टीम के पहुंचने से पहले ही क्लीनिक संचालक दुकान बंद कर फरार हो गया।
इसपर टीम ने दुकान सीज कर बाहर नोटिस चिपका दिया। इसके अलावा बंगाली डॉक्टर जसरथपुर, हामिद क्लीनिक नदराला को भी फर्जी तरीके से चलाने पर सीज कर दिया गया।
क्षेत्र में रिजवान अहमद फर्जी डॉक्टर बन क्लीनिक का संचालन करते पाया गया। सलमान खान और सद्दाम उर्फ आमिर खान फर्जी मेडिकल चलाते मिले। संबंधित कोई दस्तावेज न दिखा पाने पर क्लीनिक और मेडिकल स्टोरों को सीज कर दिया गया।
इस दौरान एसीएमओ डॉ. सुधीर मोहन, डॉ. शिवकुमार, लोकमन सिंह, श्यामवीर आदि मौजूद रहे। सीएमओ डॉ. उमेश त्रिपाठी ने बताया कि शिकायत मिलने पर अलीगंज क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए छह अवैध क्लीनिक सीज किए गए हैं।