एटा। शहर में जीटी रोड स्थित जवाहर लाल नेहरू डिग्री कॉलेज के सामने ग्राम पंचायत की सरकारी जमीन को भू माफियाओं ने हड़प कर तमाम बैनामा कर दिए थे। इस मामले को जिलाधिाकरी अंकित अग्रवाल ने पुन: जांच कराने के आदेश दिए। इसके बाद मामला मीडिया में उछला। इस मामले की मंगलवार को एसआईटी जांच करने आई और दस्तावेजों को जुटाया गया। सरकारी जमीन को एसडीएम कोर्ट के आदेश पर हड़पने का आरोप लगता आ रहा है। इसकी परतें तब खुली जब जिलाधिकारी ने स्वयं संज्ञान लेकर जांच कराई। इस मंगलवार को तहसीलदार सदर के साथ एसआईटी मौके पर पहुंची और तहसील से भी दस्तावेजों को जुटाया। एसआईटी आने के बाद भू माफियाओं में हड़कंप मचा रहा। टीम ने कई राजस्व अधिकारियों से भी पूछताछ की और साक्ष्य संकलन करने में सहयोग मांगा। इसको लेकर पूरे दिन शहर में चर्चाएं होती रहीं।