एटा। नयागांव थाने में तैनात एक दरोगा की पत्नी ने ट्वीट कर थाने की पुलिस व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है। आरोप लगाए हैं कि थानेदार और मुख्य आरक्षी उसके पति का उत्पीड़न कर रहे हैं। इससे परेशान होकर पति आत्महत्या करने की बात कह रहा है। इस शिकायत पर जांच शुरू करा दी गई है।
मूल रूप से मेरठ के रहने वाले ललित कुमार का पुलिस विभाग में चयन होने के बाद 2019 में एटा जिले में ही पहली तैनाती मिली थी। एक महीने पहले सकरौली थाने से स्थानांतरित कर उन्हें नयागांव भेजा गया। 9 दिसंबर को उन्होंने नाइट ड्यूटी की थी। इसके अगले दिन 10 दिसंबर को भी नाइट ड्यूटी लगाई गई, जिसे मना करने पर कहासुनी हुई। इसको लेकर आपस में टकराव जैसी स्थिति बन गई। इधर, जब दरोगा की बात अपनी पत्नी से हुई तो यह मुद्दा भी सामने आया।
इसके बाद उनकी पत्नी ने डीआईजी अलीगढ़ और एटा पुलिस को टैग कर ट्वीट किया। इसमें लिखा कि मेरे पति नयागांव एटा में तैनात हैं। प्रभारी व एचएम (हैड मुंशी) द्वारा पति का उत्पीड़न किया जा रहा है। मेरे पति आत्महत्या करने की कह रहे हैं। मेरे पति को कुछ हो गया तो उसका कौन जिम्मेदार होगा। इस ट्वीट के बाद अधिकारियों ने तुरंत मामले की जांच शुरू करा दी।