शिक्षामित्रों ने शनिवार को एनसीटीई और शिक्षामित्र विरोधी ताकतों की बुद्धि-शुद्धि के लिए यज्ञ किया। बाद में शाम को धरना-प्रदर्शन समाप्त करते हुए न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया। सोमवार से शिक्षामित्र स्कूलों में शिक्षण कार्य करेंगे, साथ ही बच्चों को एक घंटा ज्यादा पढ़ाएंगे। रविवार को एटा-कासगंज का प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली में एचआरडी मंत्री स्मृति ईरानी से मुलाकात करेगा।
शिक्षामित्र संयुक्त संघर्ष मोर्चा के तत्वावधान में चल रहे धरना प्रदर्शन के दौरान शिक्षामित्रों ने शहीद पार्क में राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद व शिक्षामित्र विरोधी ताकतों की बुद्धि शुद्धि के लिए यज्ञ किया। अंत्योदय सेवा समिति के अध्यक्ष शिशुपाल सिंह यादव ने कहा कि जब तक शिक्षामित्रों को न्याय नहीं मिल जाता आंदोलन जारी रहेगा। मेधाव्रत शास्त्री ने शिक्षामित्रों का सहयोग करने का आश्वासन दिया। संघर्ष समिति के राजेश गुप्ता, कृपाल सिंह, अवधेश यादव, सुद्योतकर यादव, मनोज यादव ने बताया कि एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी से स्थानीय भाजपा सांसद राजवीर सिंह के जरिए दिल्ली में मिलेगा।
साथ ही निर्णय लिया कि सोमवार से सभी शिक्षामित्र स्कूलों में शिक्षण कार्य करेंगे और एक घंटा ज्यादा बच्चों को पढ़ाएंगे। इस मौके पर सुनील चौहान, राष्ट्रीय पचौरी, रामबहादुर वर्मा, मो. इशाक, किरन शर्मा, आशा यादव, अनीता शाक्य, प्रियंका वाष्र्णेय, रंजना सिंह, भूमिका ठाकुर, हैप्पी चौहान, शिम्मी माहेश्वरी आदि शिक्षामित्र मौजूद थे