मिरहची/एटा। थाना मिरहची क्षेत्र में दो दिन पहले बच्चों में हुए विवाद के बाद झगड़े की रंजिश को लेकर एक व्यक्ति को गोली मारकर घायल कर दिया गया। गोली मारने वाला भतीजा फरार है। घायल के पुत्र ने अपने चचेरे भाई सहित दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। गांव अगरपुर निवासी जसवंत सिंह (55) को गोली मारकर घायल किया गया है। जिसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज एटा लाया गया। यहां से एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा के लिए रेफर कर दिया। घायल के पुत्र राहुल कुमार का आरोप है कि शनिवार की सुबह करीब 11 बजे पिता खेत में शौच करने के लिए गए थे। तभी घात लगाकर बैठे चचेरे भाई राजकुमार और इसके दोस्त रामौतार निवासी नगला मुंशी ने गोली मार दी। चीख-पुकार मचने पर छोड़कर भाग गए। आगरा में पिता का इलाज कराया जा रहा है।
बताया कि 13 जून की रात करीब 9 बजे राज कुमार, इसके भाई सर्वेश और पिता मूलचंद्र सहित 3-4 अन्य लोगों ने घर में घुसकर मां कमलेश देवी के साथ मारपीट की थी। इसकी मुकदमा 15 जून को मां की तहरीर पर पुलिस में दर्ज कराया था। इसी बात की रंजिश राजकुमार मान गया और हत्या करने के इरादे से पिता को गोली मार दी। प्रभारी थानाध्यक्ष सतीश कुमार यादव ने बताया कि घायल के पुत्र की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है।