एटा। जलेसर के श्री निवास अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की शालिनी ने हाईस्कूल की परीक्षा में 94.67 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान हासिल किया है। शालिनी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों और परिवार को दिया है। उन्होंने बताया कि वह एक शिक्षित परिवार से आती हैं। उनके पिता वीरेंद्र सिंह उच्च प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ी में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। विशेष रूप से अपनी बड़ी बहन दीक्षा सिंह को उन्होंने अपनी प्रेरणा बताया। उन्होंने हाईस्कूल में भी जनपद में तीसरा स्थान प्राप्त किया था। बताया कि उन्होंने परीक्षा की तैयारी के दौरान मोबाइल और सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बनाए रखी। वह भविष्य में यूपीएससी पास कर देश की सेवा करना चाहती हैं।
चिकित्सक बनना चाहती हैं बर्तिका
एटा। श्रीमती मुन्नी देवी इंटर कॉलेज की बर्तिका ने हाईस्कूल में जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कुल 94.5 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। बर्तिका ने बताया कि वह भविष्य में डॉक्टर बनना चाहती है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता पिता को दिया है। बताया कि उन्होंने तैयारी के दौरान रोजाना 8 से 10 घंटे पढ़ाई की। वहीं सोशल मीडिया से दूरी बनाकर रखी। गणित और विज्ञान के तथ्य को अच्छे से समझा और अच्छी से तैयारी की। बताया कि पिता केशव कुमार धुमरी कस्बा में कपड़े की दुकान करते हैं। वहीं मां बीना शाक्य प्राथमिक विद्यालय सिढ़पुरा में सहायक अध्यापक हैं। बड़ा भाई शौर्य बीएससी कर रहा है।
इंजीनियर बनना चाहते हैं आयुष
एटा। हाईस्कूल में 93.5 प्रतिशत अंक लाकर जिले में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले आयुष भविष्य में इंजीनियर बनना चाहते हैं। उन्होंने जैथरा के एमआरएस इंटर कॉलेज में पढ़ाई कर सर्वाधिक अंक हासिल कर जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि रोजाना 4 से 5 घंटे स्वयं पढ़ाई करके अच्छे अंक हासिल किए हैं। वह अपनी सफलता का श्रेय परिवार को दे रहे हैं। बताया कि पिता आशीष कुमार किसान हैं। वहीं मां अर्चना शर्मा गृहिणी है। उन्होंने तैयारी करते समय सोशल मीडिया से दूरी बनाकर रखी। बताया कि स्कूल में जो पढ़ाया गया उसी का ठीक से अभ्यास किया गया।