फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Etah News: 10 दिनों बाद फिर छाया कोहरा, किसान खुश

Thu, 30 Jan 2025 06:04 PM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, एटा
विज्ञापन
जैथरा कस्बे में बृहस्पतिवार सुबह हेडलाइट जलाकर कोहरे से निकलता वाहन।  - फोटो : जैथरा कस्बे में बृहस्पतिवार सुबह हेडलाइट जलाकर कोहरे से निकलता वाहन।
विज्ञापन
एटा/जैथरा। 10 दिनों के बाद बृहस्पतिवार सुबह वातावरण में फिर कोहरा छाया नजर आया। इसके कारण सुबह के समय वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गए। जैथरा में एक ट्रक सड़क से फुटपाथ पर उतर गया। इस कोहरे से किसान खुश हैं।
विज्ञापन

19 जनवरी तक लगभग हर दिन कोहरा पड़ा था। इसके बाद मौसम में बदलाव आया और कोहरा पड़ना बंद हो गया। सुबह से ही धूप निकलने लगी और दोपहर में इसकी तेजी लगातार बढ़ती गई। ऐसे में सबसे अधिक चिंता किसानों को हो रही थी। तापमान बढ़ने और तेज धूप की वजह से गेहूं सहित अन्य फसलों पर खतरा मंडराने लगा था। नमी सूखने से अतिरिक्त सिंचाई की भी जरूरत पड़ने लगी थी। किसानों का कहना था कि कोहरे से ही गेहूं की फसल में अच्छा दाना पड़ता है।
कोहरा न होने से पैदावार प्रभावित होगी। बृहस्पतिवार सुबह पड़े कोहरे ने उनकी चिंताएं काफी हद तक दूर कर दीं। हालांकि, यह कोहरा सफर करने वाले लोगों के लिए परेशानी बना। लोगों को वाहन बेहद धीमी रफ्तार से चलाने पड़े। जैथरा कस्बे में शास्त्री इंटर काॅलेज के सामने एक ट्रक सड़क से नीचे फुटपाथ पर उतर गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दृश्यता बेहद कम होने के चलते नजदीक आने पर ही ट्रक का पता चला। कई लोग फुटपाथ छोड़ तेजी से इधर-उधर भागे। यदि ट्रक पलट जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
विज्ञापन

ट्रक चालक छविनाथ ने बताया कि ट्रक में फर्रुखाबाद से तंबाकू लोड कर गुजरात ले जा रहा था। ट्रक के फुटपाथ पर उतरते ही मिट्टी बैठ गई और ट्रक तिरछा हो गया। ईश्वर ने जान बचा ली। दोपहर के समय क्रेन बुलाई गई लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी ट्रक को गड्ढे से नहीं निकाल सकी। इसके बाद ट्रक खाली कराना पड़ा।

रेंगते रहे वाहन
जैथरा। कस्बा व ग्रामीण अंचलों में गुरुवार रात से सुबह 9 बजे तक घने कोहरे की बजह से जन जीवन अस्त-व्यस्त रहा। सड़क पर वाहन लाइटें जलाकर चल रहे थे, इसके बावजूद चालकों को नजर नहीं आ रहा था और वाहन रेंगते नजर आ रहे थे। जबकि तमाम लोगों ने वाहन सड़क किनारे खड़े कर लिए। सुबह 9 बजे के बाद कोहरा छटने पर ही वाहन सड़कों पर रफ्तार से दौड़ सके। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें