एटा। जिला मुख्यालय पर स्थित रेलवे स्टेशन के आसपास करोड़ों रुपये से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को सीनियर डिवीजनल कॉमर्शियल मैनेजर (वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक) माल ने यहां आकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इसके बाद स्टेशन पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिए।
उत्तर-मध्य रेलवे प्रयागराज के सीनियर डीसीएम अतुल यादव बृहस्पतिवार को एटा रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। उन्होंने यहां चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। स्टेशन के बाहर चल रहे पार्क निर्माण के साथ ही गुड्स शेड, प्लेटफॉर्म, पानी की टंकी, वाटर ओवरहेड टैंक, सड़क निर्माण आदि का निरीक्षण किया। वर्तमान में रेलवे स्टेशन के आसपास 23 करोड़ की लागत से विभिन्न प्रकार के निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं।
प्रमुख जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि सीनियर डीसीएम ने निर्माण कार्यों को देखा और दिशा-निर्देश दिए। किसी प्रकार की कोई अनियमितता फिलहाल नहीं पाई गई है। कार्यों को तेजी से करते हुए निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश कार्यदायी संस्था को दिए गए हैं। मंडल के अधिकारियों की ओर से समय-समय पर इस प्रकार का निरीक्षण किया जाता है ताकि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को जांचा-परखा जा सके।