एटा। जीवनभर की पूंजी के रूप में किसान के पास चंद जेवरात थे। जरूरत पड़ने पर सराफ के पास गिरवी रखकर रकम उठाई। आरोप है कि ब्याज सहित रकम वापस भी कर दी मगर सराफ मुकर गया। विवाद बढ़ा तो सराफ ने अपने कर्मचारियों से पिटाई करवा दी। इससे आहत होकर किसान ने बुधवार को फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। जैथरा थाना क्षेत्र के गांव खबा निवासी पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि भाई देवेंद्र (50) खेती व मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करते थे। करीब एक वर्ष पहले उन्होंने कस्बा धुमरी में एक सराफ की दुकान पर जेवरात गिरवी रखकर पैसा लिया था।
करीब एक माह पूर्व देवेंद्र ने सराफ से ली हुई रकम ब्याज सहित वापस कर दी। आरोप है कि इसके बाद भी सराफ उनके जेवर वापस नहीं कर रहा था। बार-बार टालमटोल कर देता। दो नवंबर को देवेंद्र उसकी दुकान पर जेवरात का तगादा करने पहुंचे तो सराफ ने गाली-गलौज की। विरोध पर दुकान के कर्मचारियों से पिटाई करवा दी। शोर सुनकर आसपास के दुकानदारों ने किसी तरह से उऩको बचाया।
इसके बाद वह घर पर आए मगर किसी को घटना के बारे में नहीं बताया। आरोप है कि पिटाई के बाद वह इतने आहत हो गए कि बुधवार को घर के कमरे में गए और दोपहर करीब दो बजे फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन ने खिड़की से कमरे में देखा तो उनका शव लटका हुआ था। सूचना पर पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।