एटा। यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा में पहले दिन डीएवी इंटर कॉलेज सकीट पर फर्जी प्रवेश पत्र के साथ पहुंचा एक युवक चेकिंग में पकड़ा गया। आरोपी तेजवीर निवासी गांव घूचा, सादाबाद, हाथरस प्रवेश पत्र एडिट कर परीक्षा में शामिल होने के प्रयास में था। उसने लोकवाणी केंद्र संचालक के साथ मिलकर फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कराया। इस मामले में पुलिस ने लोकवाणी केंद्र संचालक को भी रविवार को गिरफ्तार कर लिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक और परीक्षा के नोडल अधिकारी श्वेताभ पांडेय ने बताया कि शनिवार को डीएवी इंटर कॉलेज सकीट में यूपी होमगार्ड परीक्षा की पहली पाली में गेट पर चेकिंग और बायोमेट्रिक मिलान की प्रक्रिया की जा रही थी। बायोमेट्रिक के समय एक अभ्यर्थी का डाटा मैच नहीं हुआ। प्रवेश पत्र के बारकोड को स्कैन करने पर रिकॉर्ड नॉट फाउंड पाया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी तेजवीर निवासी गांव घूचा, सादाबाद हाथरस द्वारा फर्जी तरीके से अपनी फोटो और विभिन्न प्रविष्टियां गलत भरकर यह प्रवेश पत्र तैयार कराया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रवेश पत्र अभिषेक उर्फ गोलू निवासी गांव मई थाना सादाबाद ने तैयार किया था। वह गांव में जन सेवा केंद्र चलाता है। वहीं रविवार को अभिषेक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।