एटा। थाना पिलुआ क्षेत्र स्थित हजारा नहर पुल के पास सोमवार की रात करीब 12 बजे डीटीओ (जिला क्षय रोग अधिकारी) को कार सवार बदमाशों ने लूट लिया था। वारदात के बाद से ही पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी हुई है और राजस्थान तक ढ़ूंढने में लगी है। डीटीओ राजेश कुमार शर्मा को कार सवार 4 बदमाशों ने हथियारों के बल पर कार, नकदी और जेवरात सहित लूटा था। बदमाशों ने पुलिस को चुनौती देकर वारदात की थी। जबकि हाईवे पर पुलिस की गश्त रात भर होती है। इसका भी बदमाशों ने खौफ नहीं किया। डीटीओ की कार में कट लगाकर रुकवा लिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद एक बदमाश डीटीओ की कार को ले गया, जबकि अन्य अपनी कार से ही गए थे। लूट की वारदात से पुलिस की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
इसको लेकर तीन टीमें लगाई गई है लेकिन बुधवार को कोई सफलता हाथ नहीं लग सकी है। पुलिस के जिम्मेदार अधिकारी राजस्थान तक बदमाशों की तलाश करने की बात कही जा रही है। जब कि थानाध्यक्ष टीम के साथ मंगलवार से ही बाहर हैं और लुटेरों की तलाश में टीम जुटी हुई है। थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है, वह खुद ही टीम के साथ बाहर हैं। संदिग्धों पर भी नजर है। जल्द खुलासा किया जाएगा।