एटा। प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया पीएमश्री योजना के तहत उच्चीकृत किए जाने वाले परिषदीय स्कूलों को स्किल हब के रूप में विकसित किया जाएगा। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ उनका कौशल विकास भी किया जाएगा। उनके आसपास के परिषदीय स्कूलों के विद्यार्थी भी इन स्कूलों में प्रशिक्षण ले सकेंगे।
जनपद में 11 स्कूल पीएमश्री के तहत चुने गए हैं। महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद ने जल्द सभी स्कूलों में निर्माण का शुरू करने को कहा है। ताकि नए शैक्षिक सत्र से पढ़ाई शुरू कराई जा सके। इन केंद्रों में विद्यार्थियों में रचनात्मक, कल्पनाशीलता और जिज्ञासा को बढ़ाने के लिए लैब भी बनाई जाएगी। पढ़ाई के साथ ही विद्यार्थियों की रुचि के अनुसार उन्हें कुशल बनाया जाएगा। इन स्कूलों में लैंग्वेज लैब की सुविधा भी होगी। जिसकी मदद से विद्यार्थियों को कई भाषाओं का ज्ञान आसानी से दिया जा सकेगा।
ऑडियो और वीडियो के माध्यम से भाषाओं को आसानी से सीख सकेंगे। फिलहाल मध्य विद्यालय में पहले ही विद्यार्थियों कौशल विकास का प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की गई है। ऐसे में अब पीएमश्री स्कूलों में भी यह सुविधाएं मिलने से विद्यार्थियों को इसके लिए बुनियादी स्तर से ही प्रेरित किया जा सकेगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि पीएमश्री योजना के तहत विद्यालयों को विकसित किया जाएगा। कई सुविधाएं इसमें बच्चों को दी जाएगी।