एटा। खंड शिक्षा अधिकारी शीतलपुर को निरीक्षण में तीन विद्यालय बिना मान्यता के संचालित मिले। इन्हें बंद कराने के लिए उन्होंने बीएसए को रिपोर्ट दी है। खंड शिक्षा अधिकारी दीप्ति गुप्ता ने बताया कि बृहस्पतिवार को ब्लॉक एमआईएस रंजीत कुमार, कार्यालय सहायक आलोक कुमार, नोडल संकुल बागवाला प्रदीप कुमार, नोडल संकुल करतला रामपाल सिंह के साथ निरीक्षण किया।
करतला स्थित आर्य पब्लिक स्कूल व किड्स पब्लिक स्कूल और बागवाला स्थित आरबीएल ग्लोबल एकेडमी बिना मान्यता के चलते मिले। इनमें काफी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ाई करते पाए गए। आर्य पब्लिक स्कूल नर्सरी से कक्षा 5 तक संचालित था। इसमें लगभग 60 छात्र पढ़ रहे थे। किड्स पब्लिक स्कूल नर्सरी से यूकेजी तक चलता मिला जिसमें लगभग 80 छात्र मिले। आरबीएल ग्लोबल एकेडमी में नर्सरी से कक्षा 10 तक 200 से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत मिले।
इन स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं भी नहीं पाई गईं। छात्र-छात्राएं जोखिम के साथ यहां पर पढ़ने को मजबूर थे। कार्यरत शिक्षकों और प्रधानाचार्यो से तो मान्यता के कागज नहीं दिखा सके। बताया कि इससे पहले 25 जुलाई को इन स्कूलों को नोटिस दिए थे जिसका कोई भी जवाब नहीं मिला था। निरीक्षण रिपोर्ट बीएसए दिनेश कुमार को सौंपी है।