पवित्र श्रावण मास के पहले सोमवार को लेकर शिवभक्तों में भारी उत्साह है। वहीं मंदिरों में तैयारियां चरम पर हैं। शहर स्थित प्रसिद्घ शिव मंदिरों में सुबह से ही जलाभिषेक और पूजा अर्चना करने वालों की भीड़ रहेगी। वहीं शाम को यहां मेले जैसा माहौल रहेगा।
सावन का पहला सोमवार शिवभक्तों के लिए पर्व बन रहा है। महिलाओं में खासा उत्साह है। वे पूजा अर्चना के साथ इस दिन उपवास कर भोले बाबा से खुुशहाली की कामना करेंगे। शहर के शिवमंदिरों पर इस दिन के लिए विशेष तैयारियां हैं। जलाभिषेक एवं पूजा अर्चना को लेकर सुबह से ही मंदिरों के पट खुल जाएंगे। श्री कैलाश महादेव मंदिर, अरुणा नगर शिव मंदिर, शांती नगर जनता दुर्गा मंदिर, इंद्रपुरी शिवमंदिर, सर्वोदय शिव मंदिर, लालपुर शिव मंदिर, डाक बंगलिया शिव मंदिर आदि पर सोमवार को लेकर सफाई एवं सजावट की तैयारियां हैं।
मंदिरों पर उमड़ने वाली भीड़ को लेकर लोगों ने पुलिस प्रशासन की समुचित व्यवस्था की मांग की है। शहर के प्रसिद्घ कैलाश महादेव मंदिर पर आए दिन हो रही बाइक चोरी एवं अन्य घटनाओं को लेकर भी भक्तजनों ने यहां महिला पुलिस की भी तैनाती की मांग की है।
श्री कैलाश महादेव मंदिर पर छप्पन भोग
श्री कैलाश महादेव मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में प्रथम सोमवार को भक्तिमय आयोजन की तैयारी है। आयोजन समिति के अनुसार शिवभक्त सुबह नौ बजे सामूहिक कलश यात्रा निकालेंगे। दोपहर बारह बजे शिव अभिषेक, शाम चार बजे छप्पन भोग, श्रंगार दर्शन और शाम पांच बजे प्रसाद वितरण किया जाएगा।
पालिका प्रशासन ने पवित्र माह को लेकर पूजा स्थलों के निकट विशेष सफाई
व्यवस्थाओं के निर्देश दिए हैं। शहर के सभी मंदिरों के मुख्य द्वार पर सफाई के साथ चूना डाला जाएगा। साथ ही पेयजल व्यवस्थाएं भी सुचारु रखी जाएंगी।
- राकेश गांधी, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद