मिरहची (एटा)। पड़ीसी जनपद हाथरस में मंगलवार को भोले बाबा के सत्संग में भगड़द मच गई। इसमें गांव रफीपुर के भी कई लोग शामिल होने गए थे, जो भगदड़ की चपेट में तो आए, लेकिन किसी तरह जान बच गई। बताते हैं कि लाशों के ढेर पर दौड़कर जान बचा सके।
गांव के अखिलेश, सोरन सिंह, कुलदीप, खुशबू आदि ने बताया कि हम बाबा के दर्शन करने के लिए सुबह यहां से निकले थे। सत्संग में भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी हुई थी। जैसे ही सत्संग समाप्त हुआ, लोग वहां से जाने लगे। इसी दौरान भोले बाबा के चरणों की रज लेने एवं निकलने की जल्दी में भगदड़ मच गई। लोग किसी को देख ही नहीं रहे थे। एक के ऊपर एक लोग गिरते ही चले गए। महिलाएं बुरी तरह घबराई हुईं थीं। हमारे ही सामने लाशों के ढेर लग गए। फिर तो कुछ दिखाई ही नहीं दिया। लाशों के ऊपर से आंखें बंद कर दौड़ लगाई तो किसी तरह से जान बचाकर रोड किनारे तक पहुंचे।