कासगंज। गंगा यात्रा 27 जनवरी से शुरू होकर 29 जनवरी को जनपद में पहुंच रही है। इसके लिए तैयारियां तेजी से हो रही हैं। इसके अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर प्रशासन गंभीर हो गया है। लगातार तैयारियां की जा रही हैं और उनका अधिकारियों के द्वारा जायजा लिया जा रहा है। बुधवार को जिला पंचायत राज अधिकारी ने गंगा किनारे के गांवों में निरीक्षण किया। इसमें स्वच्छता पर लापरवाही बरतने वाले दो सचिवों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत अधिकारी शहनाज अंसारी ने गंगा किनारे के गांव अभयपुर रामपुर स्वच्छता का निरीक्षण किया। इस दौरान सचिव चंद्रशेखर मौके पर नहीं मिले। वहीं उनके द्वारा गांव में कराया गया स्वच्छता कार्य भी संतोष जनक नहीं पाया गया। इस पर नाराजगी जताते हुए सचिव का एक वेतन काटने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने महमूदपुर पुख्ता पर निरीक्षण किया। वहां तैनात सचिव रामनिवासी भी अनुपस्थित मिले। स्वच्छता का कार्य भी गुणवत्ता परक न पाए जाने पर उनका भी एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि गंगा किनारे के गांवों में प्रस्तावित गंगा यात्रा के चलते स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता का कार्य कराया जा रहा है। प्रत्येक गांव में एक सुपरवाइजर एवं दो सफाई कर्मियों की टीम को लगाया गया है। स्वच्छता के कार्य की देखरेख सचिव की निगरानी में हो रहा हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता का कार्य गुणवत्तापरक किया जाए, लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।