खाद बीज की दुकान में निरीक्षण करते जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह। स्रोत सूचना विभाग
एटा। जिले में उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर शुक्रवार को प्रशासनिक टीम ने निरीक्षण किया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई। निरीक्षण के दौरान टीम ने उर्वरकों की उपलब्धता, रिकॉर्ड रखरखाव, निर्धारित मूल्य पर बिक्री व शासन की ओर से निर्धारित मानकों के अनुपालन की गहन जांच की।अभियान के दौरान गोलाकुआं स्थित श्याम फर्टिलाइज़र व धुमरी स्थित राधे-राधे कृषि सेवा केंद्र में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। अधिकारियों ने दोनों प्रतिष्ठानों के उर्वरक विक्रय लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए। वहीं प्रतीक ट्रेडर्स धुमरी, जय गुरुदेव बीज खाद विक्रेता व कीटनाशक भंडार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। अन्य प्रतिष्ठानों में अभिलेख एवं उर्वरक स्टॉक संतोषजनक मिला।जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह ने बताया कि जिले में उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है। वर्तमान में 15443 मीट्रिक टन यूरिया, 11540 मीट्रिक टन डीएपी तथा 4061 मीट्रिक टन एनपी उपलब्ध है। कहा कि जिले में किसी प्रकार की कमी नहीं है। किसानों से अपील की गई है कि वे आवश्यकता के अनुरूप ही उर्वरक खरीदें व किसी भी समस्या के समाधान के लिए जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के दूरभाष नंबर 05742-297086 पर संपर्क करें। अधिकारी ने कहा कि उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। मानकों के विपरीत कार्य करते पाए जाने पर कठोर कार्रवाई से किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।