एटा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की शाखाएं 30 नवंबर से लगेंगी। ब्रज प्रांत के 16 जिलों में करीब 2900 शाखाएं एक साथ एक समय पर शुरू होंगी। पहले दिन शाखाओं पर सुबह साढ़े छह बजे हवन-यज्ञ, हनुमान चालीसा और गायत्री मंत्र का पाठ किया जाएगा। वहीं एक घंटे की नियमित शाखाएं लगनी शुरू हो जाएंगी।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह राजपाल सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने देश भर में 28 मार्च से लागू लॉकडाउन में अपनी समस्त शाखाओं को स्थगित कर घरों में शाखा लगाने के निर्देश दिए थे। घरों में लगने वाली शाखाओं में शुरूआती दिनों में तो स्वयंसेवकों में उत्साह रहा और परिवार के सदस्यों के साथ शाखाएं लगीं, पर बाद में इसमें शिथिलता आती चली गई। अब एक बार फिर से ये शुरू हो जाएंगी।
सर्वाधिक शाखाएं आगरा में
संघ की दृष्टि से आगरा को छह जिलों में बांटा गया है। इसमें आगरा पश्चिम, पूरब, छावनी, फतेहपुर सीकरी, फतेहाबाद और रामबाग शामिल हैं। यहां करीब 250 शाखाएं हैं। वहीं एटा-कासगंज में 200, मैनपुरी में 70, हाथरस में 70, अलीगढ़ में 100, मथुरा में 100, फिरोजाबाद में 80 शाखाएं हैं।
किया जाएगा गाइड लाइन का पालन
शाखाओं में स्वयंसेवकों को पूर्ण गणवेश के साथ ही मास्क लगाकर आने को कहा गया है। वहीं सामाजिक दूरी के साथ शाखा लगेंगी और यहां सैनिटाइजर का इंतजाम भी शाखा के मुख्य शिक्षक को करना होगा।