एटा। आगरा में कंटेनर के चालक व खलासी से बदमाशों ने दोस्ती गांठने के बाद चाय में नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया। इसके बाद बदमाश बाइकों से भरे कंटेनर को लूट के इरादे से इधर-उधर रास्ते पर लेकर घूमने लगे। कंटेनर स्वामी ने गलत रास्ते पर कंटेनर को देखा तो जीपीएस सिस्टम से इंजन लॉक कर दिया। इसके बाद बेहोशी की हालत में बदमाश चालक-खलासी को थाना एका क्षेत्र में छोड़कर भाग गए।
जिला अस्पताल मेें बुधवार की देर शाम थाना एका जिला फिरोजाबाद पुलिस की ओर से चालक संजू खां और परिचालक अनिल कुमार निवासी मुलायम नगर थाना सेंट कॉलोनी, जिला इटावा को भर्ती कराया गया। होश में आने पर चालक-खलासीके परिजनों को वारदात की खबर दी गई, इसके बाद इटावा से परिजन आ गए और दोनों को अपने साथ लेकर चले गए।
खलासी अनिल कुमार के भाई अवनीश उर्फ छोटू ने बताया है कि कंटेनर गुरु ग्राम से होंडा कंपनी की एक्टिवा स्कूटी व बाइकों को लेकर आगरा आया था। यहां कुछ बाइकों को उतारने के बाद आगे इटावा ले जाने वाले थे तभी आगरा में ही तीन शातिर बदमाश मिल गए, जिन्होंने चाय में नशीला पदार्थ देकर दोनों को बेहोश कर दिया। इधर, कंपनी के अधिकारियों ने जब कंटेनर को गलत रास्तों पर जाते देखा तो दोनों के नंबरों पर कॉल किया गया, लेकिन जब फोन नहीं उठा तो कंटेनर के इंजन को लॉक कर दिया गया। इसके बाद बदमाश ट्रक व बाइकों को नहीं ले जा सके, लेकिन दोनों के मोबाइल और आठ हजार रुपये लूटकर ले गए।
थानाध्यक्ष एका वीरेंद्र पाल ने बताया है कि कंटेनर एका-अवागढ़ मार्ग स्थित गांव सुनारी के पास खड़ा मिला है, इसमें चालक व परिचालक बेहोशी की हालत में मिले थे इनको एटा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। कंटेनर में बाइकें भरी हुई हैं।