एटा। जीटी रोड स्थित बस स्टैंड पर दोपहर हंगामा खड़ा हो गया। सड़क पर खड़ी प्राइवेट बस को छोड़ एटा डिपो की बस का चालान कर रहे यातायात पुलिस के दरोगा से बस के चालक-परिचालक भिड़ गए। उनका आरोप था कि पुलिस निजी बसों को सड़क पर खड़ा कर सवारियां भरवाती है। जबकि रोडवेज की बसों का चालान किया जा रहा है। हंगामा बढ़ता देख रोडवेज और निजी बसों के चालक बसों को लेकर भाग गए।
गुरुवार दोपहर करीब ढाई बसे एटा डिपो की बस आगरा से कासगंज जा रही थी। बस स्टैंड के बाहर चालक बस रोककर यात्रियों को बैठाने लगा। ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक एसआई वासुदेव पहुंच गए और बस को रोड़ पर खड़ी करने को लेकर चालान काटने लगे।
चालान कटते देख चालक शंकर दयाल और परिचालक प्रदीप की एसआई से नोकझोंक होने लगी। इस पर वहां भीड़ जमा हो गई। डिपो के अन्य चालक और परिचालक आ गए। उनका आरोप था कि ट्रैफिक पुलिस डग्गामारी करा रही है। प्राइवेट बसों को बस स्टैंड के बाहर खड़ा करा उसमें यात्रियों को बैठाया जा रहा है, जबकि रोडवेज की किसी बस को सड़क पर खड़ा नहीं होने दिया जाता है। एसआई वासुदेव का कहना था कि सड़क पर बस खड़ी होने से जाम लगता है। इसलिए बस को हटवाया जा रहा था। कहा कि चालक परिचालक के आरोप निराधार हैं।
इन मार्गों पर होती डग्गामारी
शहर में डग्गामारी हावी है। यहां आगरा, कासगंज, फर्रुखाबाद, शिकोहाबाद, मैनपुरी मार्ग सहित अन्य मार्गों पर भी डग्गामार वाहन चलते है। यह डग्गामार बसे रोडवेज के रंग में होती है। इससे यात्री रोडवेज की बस समझकर आसानी से उसमें बैठ जाते हैं।
शहर में लगता है जाम
डग्गामार बसें अधिकांश बस स्टैंड के आस पास जीटी रोड पर खड़ी होती है। इसके चलते प्रतिदिन जीटी रोड पर जाम लगता है। जाम के चलते एंबुलेंस आदि फंस जाती है।
टिकट पर भी लोगो रोडवेज का
-डग्गामार बसों के चालक-परिचालक जो टिकट यात्रियों को देते हैं उस पर लोगो भी रोडवेज जैसा दिखता है। इससे यात्री भ्रमित होकर बस को रोडवेज की ही समझते हैं।
प्रतिदिन चार लाख का नुकसान
-डग्गामारी बसों के चलते रोडवेज को प्रतिदिन चार लाख रुपये राजस्व की हानि हो रही है। बीते दिनों बस स्टैंड के पास डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई की गई थी,लेकिन इसके बाद स्थित फिर जस की तस हो गई।
विधायक ने पकड़वाई थीं डग्गामार बसें
-पिछले सितंबर माह में सदर विधायक विपिन डेविड अचानक रोडवेज बस स्टैंड पहुंच गए थे। उन्होंने यहां तीन बसों को डग्गामारी करते हुए पकड़ लिया था। इनका चालान कराने के साथ ही अन्य बसों पर कार्रवाई के निर्देेेश अधिकारियों को दिए थे।
डग्गामार वाहनों के खिलाफ बराबर कार्रवाई की जा रही है। बस स्टैंड पर कर्मचारियों को डग्गामार वाहनों को चिह्नित करने के निर्देेश दिए गए हैं। गुरुवार को बसें वहां कैसे खड़ी हो गईं इसकी जानकारी की जाएगी।
मदन लाल, एआरएम