एटा। लोक निर्माण विभाग द्वारा अलीगंज से कायमगंज के बीच करीब छह किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। इस चौड़ीकरण में बाधक बने पेड़ कटवाए जाएंगे वहीं बिजली के खंभों को शिफ्ट कराया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने दोनों विभागों को सवा करोड़ रुपये दिए हैं।
लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) द्वारा अलीगंज से कायमगंज के बीच करीब 6.8 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। सड़क का निर्माण लगभग 864 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। सड़क के दोनों ओर चौड़ीकरण के लिए गिट्टियां डालना शुरू हो गया है।
वहीं सड़क के दोनों ओर खड़े पेड़ और बिजली के खंभे निर्माण कार्य में बाधा बन रहे हैं। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने वन विभाग और बिजली विभाग को करीब सवा करोड़ रुपये दिए हैं। इससे वन विभाग जहां पेड़ों की कटाई करेगा। वहीं विद्युत विभाग द्वारा बिजली के खंभों को हटाकर पीछे शिफ्ट कराया जा रहा है। अधिशासी अभियंता सतीश कुमार ने बताया कि अलीगंज से कायमगंज मार्ग सड़क को करीब साढ़े पांच मीटर चौड़ा किया जाएगा।
142 की जगह लगेंगे 284 पौधे
जेई रामवरन यादव ने बताया कि अलीगंज कायमगंज मार्ग के चौड़ीकरण में करीब 142 पेड़ों को हटाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वन विभाग इन 142 पेड़ों की जगह 284 पेड़-पौधे अलीगंज कस्बे में ही लगाएगा।
-650 से अधिक बिजली के खंभे होंगे शिफ्ट
सड़क चौड़ीकरण के दौरान बिजली विभाग की तरफ से करीब 650 बिजली के खंभे और तार हटाए जाएंगे। जहां 161 बिजली के खंभे एलटी लाइन और 483 एचटी लाइन के हैं।
अन्य मार्गों का भी हो रहा जीर्णोद्धार
एटा-सहावर मार्ग पर करीब 10 किलोमीटर तक सड़क का निर्माण किया जा रहा है, जिसकी लागत करीब 2 करोड़ 17 लाख रुपये है। वहीं अलीगंज-सोरों मार्ग पर करीब 8 किलोमीटर तक 1 करोड़ 30 लाख की लागत से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। वहीं एटा-अलीगंज मार्ग पर करीब 18 किलोमीटर तक करीब 476 लाख रुपये से निर्माण कराया जा रहा है।
अलीगंज-कायमगंज मार्ग का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। वहीं तीन अन्य सड़कों को भी बनवाया जा रहा है। सड़क बनने के बाद लोगों को आवागमन में सुविधा रहेगी।
सतीश कुमार, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग