ठंडी सड़क पर चलता अंतिम निर्माण कार्य।
- फोटो : ETAH
एटा। शहर के मध्य से गुजरने वाली दो प्रमुख सड़कों में से एक ठंडी सड़क का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। वहीं रेलवे रोड बनने का लोगों को इंतजार है। रेलवे रोड-कचहरी रोड पर खोदी गई जमीन पर सीवर लाइन डालने के बाद गिट्टी डालकर उसे सीसी किया जा रहा है। आगरा रोड और जीटी रोड पर काम शेष रह गया है, इसके मई माह तक पूरे होने की संभावना है। विभाग की मानें तो आने वाले छह माह शहर पर और भारी पड़ेंगे। हर वक्त जाम से जूझने वाली जीटी रोड पर सीवर की खोदाई का काम शुरू होगा। इससे परेशान होगी।
करीब 300 सौ करोड़ रुपये की लागत से शहर में सीवर लाइन बिछाई जा रही है। लॉकडाउन से पहले फरवरी माह में ठंडी सड़क पर सीवर लाइन बिछाने का काम आरंभ होना था, लेकिन कचहरी मार्ग पर काम लेट होने से ठंडी सड़क का काम पिछड़ा तो पिछड़ता ही चला गया। मार्च माह में लॉकडाउन लग गया और काम तीन से चार माह पीछे चला गया। मई माह में यहां काम शुरू हुआ और अब आठ माह बाद ये सड़क बन पाई है। वहीं कचहरी रोड पर काम करने के साथ ही विभाग ने सड़क बनानी शुरू कर दी है।
विद्युत पोलों की शिफ्टिंग सहित अन्य कार्य शेष
ठंडी सड़क को नगर पालिका द्वारा सीमेंटेड बनाया गया है। वहीं सड़क के बीच में आ रहे विद्युत पोलों की शिफ्टिंग सहित अन्य कार्य शेष हैं, वहीं सीसी सड़क पर कारपेट डालकर उसे मजबूती प्रदान करने के लिए पानी डाला जा रहा है।