रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य को करते कर्मी।
- फोटो : ETAH
एटा। उत्तर मध्य रेलवे द्वारा एटा-बरहन रेलवे लाइन का नवीनीकरण किया जा रहा है। दोनों स्टेशनों के बीच लगभग 60 किलोमीटर की दूरी है। इन दिनों यहां पटरी उखाड़ने का काम तेजी से चल रहा है। करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से लाइन का नवीकरण किया जाएगा। इस कार्य में लगभग एक साल का समय लगेगा। टूंडला से एटा तक जिले में केवल एक सवारी गाड़ी आती है। वह भी लंबे समय से घाटे में चल रही है। इस ट्रेक पर मालगाड़ियों का आना-जाना लगा रहता है।
माल गाड़ियों के माध्यम से सीमेंट, खाद और चावल राजस्थान, गुजरात व पंजाब से आता है। यहां से गेंहू और अन्य सामान हैदराबाद आदि स्थानों को जाता है। मालगाड़ियों के चलते बरहन से एटा तक का रेलवे ट्रेक कमजोर हो गया है। जवाहर तापीय परियोजना शुरू होने वाली है। इसके लिए कोयला इसी रेल मार्ग से मलावन स्थित परियोजना तक पहुंचेगा। यही कारण है कि रेलवे तेजी से ट्रेक को मजबूत करने में जुटा हुआ है।