एटा/सकीट। थाना क्षेत्र के गांव नाजिरपुर के पास बुधवार की दोपहर बाद ट्रक की चपेट में बाइक सवार आ गए। इस दौरान टक्कर लगने से मां की गोद में बैठा छह वर्षीय बालक उछलकर ट्रक के पहिया के नीचे आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार मैनपुरी स्थित अपनी ननिहाल जा रहे थे। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
जिला फिरोजाबाद थाना एका क्षेत्र के गांव नगला अकोला निवासी अनेश कुमार बाइक से अपनी भाभी विनीता और छह वर्षीय भतीजे लव कुमार को लेकर जा रहे थे। इसी बीच पीछे से ट्रक चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे विनीता की गोद में बैठा बालक लवकुमार उछल कर ट्रक के पहिया के नीचे आ गया और कुचलकर उसकी मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही इलाका पुलिस और सीओ सकीट देव आनंद पहुंच गए। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मृतक बालक के चाचा अनेश कुमार ने बताया है कि वह बाइक से अपनी ननिहाल गांव भगवतीपुर थाना भोंगाव जिला मैनपुरी जा रहे थे। तभी ट्रक चालक ने टक्कर मार दी।