एटा। जलेसर थाना क्षेत्र के अंतर्गत 15 सितंबर को ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई थी। गुस्साए लोगों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान चार घंटे तक जाम लगा रहा था। मामले को लेकर थाने के उपनिरीक्षक ने 250 अज्ञात महिला व पुरुषों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव मुसियार निवासी 45 वर्षीय संजीव कुमार की 15 सितंबर को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। गुस्साए परिजन ने नगला गोदी के पास सड़क पर शव रखकर जलेसर-सिकंदराराऊ मार्ग पर जाम लगा दिया था।
उनकी मांग थी कि दुर्घटना करने वाले वाहन पर कार्रवाई की जाए। वहीं मृतक के परिजन को मुआवजा दिलाया जाए। एसडीएम जलेसर सहित सीओ व कई थानों का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा था। इस दौरान करीब चार घंटे तक जाम लगा रहा। जहां आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
इसी को लेकर थाने के उपनिरीक्षक अनिल कुमार ने 250 महिला व पुरुषों के खिलाफ अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने अधिकारियों द्वारा समझाने पर न मानने का आरोप भी लगाया है।