जैथरा। थाना क्षेत्र के गांव लहचोरा निवासी राजू ने भाई दिलीप की हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें चार नामजदों सहित एक अज्ञात पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
राजू ने तहरीर में बताया कि बड़ा भाई दिलीप ईको गाड़ी बुकिंग पर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही वीरेंद्र सहित चार नामजद ने उसकी हत्या करने के लिए किसी अज्ञात व्यक्ति से 4 जनवरी को घर भेजा। जिसने शाम चार बजे पास के ही गांव रसीदपुर से फर्रुखाबाद के लिए गाड़ी जागरण पार्टी ले जाने के लिए बुक कराई थी। उसके बाद दिलीप का मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया। इन्हीं लोगों के षड़यंत्र से भाई की हत्या कर ईको गाड़ी को कासगंज जिले के पटियाली थाना क्षेत्र के नरथर गांव के पास लावारिश हालत में छोड़ दिया।
जबकि भाई के शव को बदायूं जनपद के उसहैत थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा जमालपुर के खेत में डालकर फरार हो गए। राजू की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राज कुमार सिंह ने बताया कि दिलीप की ईको व शव को दो दिन पहले ही पुलिस ने बरामद किया था। आरोपियों को शीघ्र पकड़कर घटना का अनावरण करेगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।