उत्तर प्रदेश के एटा में पीड़िता ने पति सहित चार ससुरालीजन के खिलाफ उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। मामला थाना कोतवाली देहात के संजय नगर का है। यहां की निवासी प्रियंका ने थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के लहरा निवासी अर्जुन यादव (पति) सहित चार ससुरालीजन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
दर्ज मामले में उसने बताया कि बीते 20 फरवरी 2018 को उसका विवाह हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ही पति अर्जुन, ससुर आनंद, सास ओमवती और ननद पूनम यादव अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए उसे प्रताड़ित करने लगीं। कहते हैं कि तेरा पिता दरोगा है और भाई मिलिट्री में है, इसलिए पांच लाख रुपये और स्कूटी लेकर आना। मना किया तो 23 सितंबर 2024 को आरोपियों ने पीटा।
कुछ समय बाद पंचायत हुई लेकिन यह लोग फिर से मेरे साथ इसी प्रकार का व्यवहार करने लगे। इसके अलावा थाना कोतवाली नगर में पूरन सिंह निवासी बरखेड़ा थाना कुरावली जिला मैनपुरी ने सुमित निवासी मोहल्ला जाटवपुरा सहित सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बताया कि पुत्री सपना का विवाह दो मार्च 2014 को सुमित के साथ किया था। कुछ समय बाद ही सुमित, ससुर चंद्र मोहन, सास गुड्डी देवी, जेठ हरीश, जेठानी अंजली, देवर मोंटी और ननद विमला देवी अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। कहते हैं कि अतिरिक्त दहेज में एक मोटरसाइकिल लेकर आ, नहीं तो तुझे घर में नहीं रखेंगे। इतना ही नहीं आए दिन बेटी की गालीगलौज करते हुए पिटाई भी करते हैं।