एटा। युवती की हत्या के मामले में पिता ने 7 लोगों के खिलाफ थाना जसरथपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप लगाया है कि शादी तय होने के बाद मंगेतर व उसके परिजन कार की मांग कर रहे थे। इसी वजह से बेटी ने फंदा लगाकर जान दे दी।
गांव अमृतपुर थाना जसरथपुर निवासी सुरेंद्र ने रिपोर्ट में लिखा है कि लगभग 2 वर्ष पूर्व बेटी भावना का विवाह गांव नगला देशी थाना बागवाला निवासी रवी के साथ तय किया था। विवाह तय करने से अब तक लगभग 6 लाख रुपये इनको दो चुके थे। आरोप है कि इसके बाद भी रवी, इसके पिता चरन सिंह, मां भूरी देवी, बहन प्रिया के साथ ही अजब सिंह लेखपाल, ग्रीश और पुजारी दहेज में कार की मांग कर रहे थे।
रवी फोन कॉल के माध्यम से भावना को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। कार न देने पर विवाह न करने की धमकी दे रहा था। इसी बात से आहत होकर बेटी ने 3 नवंबर को घर के अंदर दुपट्टे का फंदा बनाकर पंखे के कुंदे से लटककर जान दे दी। सुरेंद्र ने इन सभी लोगों पर बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। सीओ अलीगंज नितीश गर्ग ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और गहनता के साथ जांच-पड़ताल की जा रही है।