जलेसर पुलिस की गिरफ्त में भाई की हत्या का आरोपी ।
- फोटो : ETAH
एटा। थाना जलेसर क्षेत्र में 13 मार्च की रात गला रेतकर की गई हत्या का षड्यंत्र चचेरे भाइयों ने चार बीघा जमीन की खातिर रचा और वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने शुक्रवार को हत्याकांड का खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही हैं। पुलिस को वारदात की खबर देने वाले ही कातिल निकले हैं।
एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया है कि गांव महानमई निवासी रामवीर सिंह की गला रेतकर हत्या चचेरे भाई रामदास व रामकिशन ने ही की थी। हत्या के पीछे चार बीघा जमीन है। रामवीर का भाई रामप्रकाश 20 वर्ष से गायब है और इसके हिस्से की चार बीघा जमीन पर रामदास व रामकिशन कब्जा किए हुुए थे, इस जमीन को रामवीर अपने नाम कराकर बिक्री करना चाहता था।
इसकी जानकारी चचेरे भाइयों को हुई तो जमीन हाथ से निकलती दिखी। रामदास ने भाई रामकिशन के साथ षड्यंत्र रचकर 13 मार्च की रात शराब पिलाने के बाद चाकू से गला रेतकर रामवीर की हत्या कर दी। एसएसपी ने बताया है कि आरोपी रामदास को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ में उसने अपना जुर्म कुबूल किया है, जबकि रामकिशन फरार है इसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।